मैनपुरी। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने मैनपुरी और इटावा को रेल मार्ग से सीधे तौर पर जोड़ने के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि मैनपुरी व उसके आसपास के लोगों को इससे काफी सुविधा मिलेगी। अभी उन्हें आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
मैनपुरी लोकसभा की सांसद डिंपल यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मांग की है कि जनपद व इसके आसपास के क्षेत्र की जनता लंबे समय से रेल सुविधाओं की कमी से प्रभावित है। इटावा से मैनपुरी की दूरी मात्र 55 किलोमीटर होने के बावजूद इस मार्ग पर कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण आम यात्रियों, विद्यार्थियों एवं व्यापार से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मांग की कि ट्रेन संख्या 55341-55242 फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद पैसेंजर को आगरा तक विस्तारित किया जाए। ट्रेन संख्या 14151-14152 कानपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन ही संचालित होती है। यात्रियों की संख्या एवं मांग को देखते हुए इसे रोजाना संचालित किया जाए।
इसके साथ ही ट्रेन संख्या 11904 वीरांगना लक्ष्मीबाई एक्सप्रेस शाम 5 बजे इटावा से होकर गुजरती है। मैनपुरी स्टेशन पर इसका ठहराव और मैनपुरी तक विस्तार किए जाने से जनपद के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।