अलीगंज। कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड होने के बावजूद मैनपुरी और बदायूं के लिए सीधी बस न मिलने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रतिदिन आवागमन करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों व व्यापारियों का कहना है कि सीधी बस सेवा बंद होने से उन्हें वैकल्पिक मार्गों से कई गुना अधिक दूरी तय करनी पड़ती है।
अलीगंज से मैनपुरी की सीधी दूरी करीब 38 किलोमीटर है लेकिन बस सेवा न होने के कारण उन्हें एटा होकर जाना पड़ता है। इससे यात्रा बढ़कर लगभग 125 किलोमीटर तक पहुंच जाती है। दूरी बढ़ने के साथ समय और किराए का अतिरिक्त बोझ भी यात्रियों को ही उठाना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों व विद्यार्थियों को तो कई जगह वाहन बदलने पड़ते हैं जिससे उनकी दिक्कतें और बढ़ जाती हैं।
इसी तरह अलीगंज से बदायूं के लिए भी कोई सीधी बस सुविधा उपलब्ध नहीं है। सामान्यतः 50 किलोमीटर में पूरी होने वाली यात्रा बस कनेक्टिविटी के अभाव में लगभग 150 किलोमीटर तक लंबी हो जाती है। लोगों का कहना है कि बढ़ी हुई दूरी न सिर्फ समय की बर्बादी है बल्कि आर्थिक नुकसान भी है। लोगों ने कहा कि अलीगंज एक महत्वपूर्ण व्यापारिक और शैक्षिक केंद्र है।
यहां से रोज बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, व्यापारी और मरीज दूसरे जिलों की ओर जाते हैं लेकिन रोडवेज विभाग अब तक पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध नहीं करा पाया है। लोगों की मांग है कि अलीगंज से मैनपुरी और बदायूं के लिए तत्काल सीधी बस सेवाएं शुरू की जाएं जिससे आम जनता को राहत मिल सके।