उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मंगलवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे। यहां करहल में उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा कि जनता बताए कि अगर करहल का बेटा उन्होंने चुनकर भेजा होता तो क्या वह उन्हें इस तरह छोड़कर जाता। ये बात उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के करहल सीट से इस्तीफा देने पर कही। उन्होंने अपील की कि इस बार वे करहल के बेटे को चुनकर विधानसभा भेजें।
विज्ञापन
डिप्टी सीएम नरसिंह इंटर कॉलेज करहल में आयोजित वृहद रोजगार मेले में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वह करहल कई बार आए, लेकिन उन्हें इस बार नजारा बदला नजर आया। रोजगार मेले में आए युवाओं को देखकर ये साफ हो गया है कि करहल का युवा अब रोजगार और मुख्य धारा से जुड़ना चाहता है।
उन्होंने भाजपा सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि ये तस्वीर बदलने का काम योगी सरकार ने किया। सपा शासन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पहले एक गाड़ी में 10-10 लफंगे हथियार लेकर घूमते थे। व्यापारी शाम होते ही घर की तरफ चल देता था। उन्हें डर रहता था कि चंबल से लुटेरे आएंगे और उनकी कमाई लूट ले जाएंगे।
इन लुटेरों को संरक्षण भी करहल के पड़ोस से ही मिला था। बेटी जब पढ़ने जाती थी तो शाम होते ही माता-पिता का मन धुक-धुक करने लगता था कि कहीं उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। लेकिन आज योगी सरकार में किसी माई के लाल में दम नहीं है जो आपकी बेटी को हाथ लगा सके। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में सप्ताह के हिसाब से बिजली मिलती थी। एक सप्ताह दिन तो एक सप्ताह रात में बिजली आती थी। बच्चे परीक्षा के दौरान लालटेन और ढिबरी की रोशनी में पढ़ते थे, लेकिन अब प्रदेश के 75 जिलों में एक साथ बिजली दी जा रही है।
सभी घरों को सौभाग्य योजना में कनेक्शन देकर रोशन करने का काम योगी सरकार ने किया है। वहीं केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत को पहचान और सम्मान दिलाने का काम किया है। आज मोदी जी भारत के ही नहीं पूरी दुनिया के प्रधानमंत्री हैं। इस दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, पैक्सफेड चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य आदि मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले की सरकारें माफिया और गुंडों को संरक्षण देती थीं। योगी सरकार में माफिया और गुंडे या तो प्रदेश छोड़ गए या दुनिया छोड़ गए। आज गुंडे गले में तख्ती डालकर घूम रहे हैं कि उन्हें जेल भेज दो। जो गुंडे और माफिया जेल में हैं, उन्हें जेल में भी डर लग रहा है।