डीसीएम ने मजदूरों को रौंदा, एक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र से गुजर रहे बरेली-ग्वालियर हाईवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार दो मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे को गंभीर हालत में सैफई भेजा गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने करीब एक घंटा तक जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे सीओ भोगांव के आश्वासन के बाद जाम खुल सका।
गांव सौनासी निवासी प्रमोद कठेरिया (28) और संतोष कठेरिया (21) मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। गुरुवार सुबह दोनों बाइक से कस्बा कुसमरा स्थित भट्ठा पर मजदूरी के लिए जा रहे थे। तभी बरेली-ग्वालियर हाईवे के समीप करीब सात बजे कुसमरा मार्ग की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने बरेली-ग्वालियर हाईवे पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया।
ग्रामीण डीसीएम चालक पर तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे। करीब एक घंटा तक जाम के दौरान ग्रामीण हंगामा करते रहे। सीओ भोगांव ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। जिसके बाद पुलिस ने शव को सील कर मोर्चरी के लिए भेजा। वहीं डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। मृतक के पिता राजेंद्र ने डीसीएम चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जाम के चलते लगी वाहनों की कतारें
बरेली-ग्वालियर हाईवे पर हुए सड़क हादसे के बाद करीब एक घंटा तक मार्ग जाम रहा। जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम खुलने के बाद पुलिस ने आवागमन सुचारु कराया।