मैनपुरी। श्री चित्रगुप्त महाविद्यालय नगला जुला के मैदान में मंडलीय पंचवटी क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही है। शनिवार कोफाइनल मैच में डीसीएफ क्लब ने किड्स कोर्नर क्लब को रोमांचक मैच में चार रनों से पराजित कर कप पर कब्जा कर लिया। विजेता को 31 हजार और उपविजेता को 21 हजार रुपये प्रदान किए गए।
डीसीएफ क्लब के कप्तान सौरभ यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने 30 ओवर में सभी विकेट खोकर 179 रन बनाए। इसमें मुकेश ने 61 रन बनाए। वैभव पचौरी ने भी अच्छी पारी खेलते हुए 31, इरसाद ने 23, संजय 17, आखिल ने 10 रनों का योगदान दिया। फीरोजाबाद की ओर से प्रेम ने तीन, इमरान और सोहिब ने दो-दो विकेट लिए। नीरज, राहुल और यादवेंद्र ने क्रमश: एक-एक सफलता अर्जित की। जीत के लिए 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फीरोजाबाद की टीम ने 30 ओवर में कड़ा संघर्ष करते हुए सभी विकेट खोकर 176 रन ही बना पाए। इसमें यादवेंद्र 38, प्रेम ने 37, राजीव 21, इमरान मान 22, नवीन ने 16 रन बनाए। मैच काफी रोमांचक रहा अंतिम गेंद तक चले मैच में डीसीएफ ने पांच रन से मैच जीत लिया। डीसीएफ क्लब की ओर से विवेक और दीपू ने 2-2, सौरभ और अखिल ने एक-एक विकेट लेकर सफलता हासिल की। अंपायरिंग चंद्रभान शुक्ला और प्रबल प्रताप सिंह तथा स्कोरिंग अमन सिंह और कमेंट्री रज्जन चौहान तथा अरविंद चौहान ने की। मुख्य अतिथि एत्मादपुर आगरा के विधायक डाक्टर धर्मपाल सिंह चौहान ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। उपविजेता फीरोजाबाद को 21 हजार रुपये प्रधानाचार्य मनोज चौहान और श्री चित्रगुप्त महाविद्यालय के लेखाकार संजीव सक्सेना ने प्रदान किए। मैन ऑफ द सीरीज दीपू को हिमांशु ने प्रदान की। मैन ऑफ द मैच मुकेश को उपदेश चौहान ने प्रदान किए। नगला जुला की ओर से 31 हजार रुपये विजेता टीम को विधायक धर्मपाल सिंह ने प्रदान किए। इस मौके पर चित्रगुप्त महाविद्यालय के सचिव ओमी सक्सेना, प्राचार्य डाक्टर शिवजी श्रीवास्तव, एमसीए अध्यक्ष महेश मिश्रा, बीडी शुक्ला, प्रवीन बंशाली, आलोक गुप्ता, डाक्टर संजय चौहान, राजन राठौर, पीपी चौहान, सत्यपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, अनिल चौहान आदि उपस्थिति थे।