मैनपुरी। खरगजीत मिश्र स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मैच में डीसीएफ ने वीसीसी को 70 रनों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
शनिवार को क्रिश्चियन मैदान पर खेले गए लीग मैच में डीसीएफ के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 25 ओवर में नौ विकेट खोकर 190 रन बनाए। टीम के खिलाड़ी आकिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्द्धशतक लगाया। टीम की ओर से आकिल ने 53, शीतांष ने 37, इमरान ने 19 रन बनाए। वीसीसी की ओर से गौरव राठौर ने 30 रन देकर तीन, अतुल कृष्णा ने 20 रन देकर दो तथा जीतू ने 32 रन देकर दो विकेट प्राप्त किए।
जवाब में खेलने उतरे वीसीसी के बल्लेबाज शुरू से ही संघर्ष करते नजर आए। टीम की धीमी शुरूआत के चलते टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। टीम ने 25 ओवर में नौ विकेट खोकर 120 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अभिषेक अग्निहोत्री ने 24, गौरव राठौर ने 22 एवं अनिल ने नाबाद 21 रन बनाए। डीसीएफ की ओर से सौरभ ने 27 रन देकर तीन, विवेक ने 34 रन देकर तीन एवं आकिल ने 16 रन देकर दो विकेट प्राप्त किए।
मैच में अंपायरिंग महेश पंडित और मोहन कुमार थे। स्कोरिंग विकास राय चौधरी तथा कमेंट्री आशू चौहान ने की। मैच से पहले पूर्व क्रिकेटर राजीव दीक्षित पप्पी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर सभी खिलाड़ियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर महेश मिश्रा, बीडी शुक्ला, प्रवीन भंसाली, राकेश, मुकेश आदि मौजूद थे। प्रतियोगिता सचिव देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि रविवार को रॉयल्य रेड और नंद क्रिकेट क्लब के मध्य मैच खेला जाएगा।