दलित दंपति को घर में घुसकर पीटा
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार देर रात मजदूरी के रुपये मांगने पर आरोपियों ने दलित दंपति को घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। शनिवार सुबह जब पीड़ित थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा तो थाना पुलिस ने एससीएसटी में रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव महोली निवासी बलराम जाटव मजदूरी का काम करता है। तीन दिन पूर्व उसने गांव निवासी लल्लू से मजदूरी के रुपये मांगे। दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हो गया। शुक्रवार की रात आरोपी सहयोगियों के साथ मिलकर बलराम को घेरकर पिटाई कर दी। बचाने आई पत्नी का फावडे़ से सर फोड़ दिया। आरोपियों ने इसके बाद बीच बचाव कर रहे बलराम के भाई के घर में घुसकर पत्नी, पुत्र और पुत्रियों की भी पिटाई। आरोप है कि पीड़ित परिवार को भी रात को थाने नहीं जाने दिया। शनिवार सुबह जब पीड़ित परिवार थाने में शिकायत लेकर पहुंचा तो पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। इसके बाद थाना पुलिस ने आरोपी लल्लू और राजू का शांतिभंग में चालान कर दिया। पीड़ित परिवारीजनों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हरिजन एक्ट का मुकदमा नहीं लिखा। अब वह न्यायालय के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।