मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेवारामपुर में बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की गोली मारकर हत्या के मामले में मृतक के ससुर ने भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेवारामपुर निवासी देवदत्त (25) पुत्र सतेंद्र की शुक्रवार की रात 7:30 बजे के लगभग बड़े भाई भानु प्रताप उर्फ टिंकू ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के संबंध में देवदत्त के ससुर धनीराम निवासी नूरपुर थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा कि भानुप्रताप आए दिन विवाद करता रहता था। शुक्रवार को वह लोग पंचायत के लिए आए थे तभी भानुप्रताप ने देवदत्त की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। शव विच्छेदन गृह पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। परिवार और गांव में कोहराम मचा है। वहीं देवदत्त की पत्नी सरिता को पुलिस ने भोगांव में उसकी मौसी के यहां से बुलाया। सविता ने पुलिस को बताया कि भानु प्रताप शुक्रवार को जान से मारने की धमकी दी थी। वह दवा लेने के बहाने घर से अपनी मौसी के यहां चली गई थी। देवदत्त से भी उसने साथ चलने को कहा लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने शव विच्छेदन के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया।