थाना कुरावली के गांव तिलोकपुर के पास सात साल पहले युवक की पीट पीटकर हत्या करने के चार आरोपियों को स्पेशल जज एससीएसटी एक्ट अजय कुमार ने दोषी पाया है। गुरुवार को उनको हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है। आरोपियों को 12 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी।
थाना कुरावली के बलरामपुर निवासी विमलेश कुमार 31 जनवरी 2007 की सुबह साथियों के साथ दौड़ लगाने पास के गांव तिलोकपुर की ओर जा रहा था। तिलोकपुर के पास पहले से मौजूद गांव के ही भूरे, बहादुर, मुकेश, होतीलाल ने उसको घेर लिया। पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे विमलेश के पिता फेरुसिंह ने चारों के खिलाफ विमलेश की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी। कुरावली पुलिस ने जांच के बाद चार्जशीट कोर्ट में भेज दी।
मामले का विचारण स्पेशल जज एससीएसटी एक्ट अजय कुमार सिंह की कोर्ट में किया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से वादी, विवेचक, चिकित्सक, गवाहों ने घटना के सर्मथन में गवाही दी। स्पेशल जज ने चारों आरोपियों को हत्या करने का दोषी पाया। सहायक शासकीय अधिवक्ता अशोक कुमार यादव ने अभियोजन पक्ष की पैरवी की। दोषी पाए जाने के बाद स्पेशल जज ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। आरोपियों को 12 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी।