खुद को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताकर क्षेत्र के लोगों से ठगी करने वाले के खिलाफ एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब ठगी करने वाले की तलाश में जुट गई है।
फर्रुखाबाद के गांव गैसिंहपुर निवासी योगेश ने थाना बिछवां क्षेत्र के जनता इंटर कालेज सैदपुर बघौली के प्रधानाचार्य रामेंद्र पर नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोप लगाया था। इसमें आरोपी के खिलाफ हत्या का षडयंत्र रचने की शिकायत भी की गई थी। योगेश ने जब नौकरी न मिलने के बाद जानकारी जुटाई तो पता लगा कि आरोपी ने खुद को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताकर प्रदीप निवासी ग्राम रसेमर कुरावली से 1.50 लाख से ज्यादा, योगेश निवासी ग्राम गैसिंहपुर फर्रुखाबाद से 1.50 लाख, ग्राम रठेरा दन्नाहार निवासी प्रेमसिंह से 3.60 हजार, ग्राम महादेवा निवासी रामदेव से आवास के नाम पर 20 हजार, सुरेंद्र सिंह निवासी नगला कंचन घिरोर से आवास के नाम पर 20 हजार, रामवती निवासी ग्राम नगला कंचन घिरोर से 20 हजार, सुनीता देवी गांव मिलावली एटा समेत कई लोगों से ठगी की है। योगेश की शिकायत पर एसपी देवरंजन वर्मा के आदेश पर थाने पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।