कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात कचहरी रोड पर खड़ी एक डीसीएम के पास पहुंचते ही उसमें सवार लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो युवकों को हिरासत में लेकर डीसीएम को भी कब्जे में लिया।
मंगलवार देर रात पुलिस कचहरी रोड पर चेकिंग कर रही थी। तभी रात करीब तीन बजे उन्हें जिला अस्पताल के पास संदिग्ध डीसीएम और एक बोलेरो खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने जब गाड़ी के पास जाने की कोशिश की तो उसमें बैठे युवकों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस पथराव से पुलिसकर्मियों को पशु चोर होने का शक हुआ। घेराबंदी कर पुलिस ने डीसीएम में दो युवकों को पकड़ लिया। डीसीएम में चेकिंग के दौरान दो तख्ते भी मिले। पुलिस को शक है पकडे़ गए संदिग्ध पशु चोरी करने के लिए वहां आए थे। लेकिन पुलिस के पहुंचने पर वो अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस अब युवकों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पकडे़ गए एक युवक के मोबाइल से सऊदी अरब का नंबर मिलने के बाद भी पुलिस सतर्कता बरत रही है। हालांकि कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।