पति ने बेरहमी से की पत्नी की हत्या
- फोटो : Amar Ujala
थाना कुरावली क्षेत्र के गैलानाथ पुल के समीप एक भिखारी को बाइक सवार कुछ लोगों ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। परिवारीजन गंभीर हालत में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों का आरोप है होली पर हुए एक झगड़े की रंजिश में घटना की गई। पुलिस आरोपों को सच नहीं मान रही है, संदिग्ध परिस्थितियों में जलने का मामला इसे बता रही है।
घटना सोमवार रात करीब दस बजे की है और मरने वाला देशराज (45) गैलानाथ पुल के पास रहता था। उसके भाई जगदीश निवासी ग्राम सातनपुर जिला फर्रुखाबाद ने बताया कि देशराज अपनी बहन रामबेटी के यहां गैलानाथ पुल के समीप झोपडी में रहता था। वो दिन भर घरों में भीख मांगकर गुजर बसर कर रहा था और सोने के लिए रोजाना गैलानाथ पुल के समीप अपनी बहन के घर आता था। जगदीश ने ग्राम जगतनगर निवासी कुछ लोगों पर देशराज की हत्या करने का आरोप लगया है।
बताया जा रहा है कि गत 24 मार्च को तस्करी की शराब खरीदने के विवाद में हुए झगड़े में जिला एटा के कस्बा अलीगंज निवासी अंशुल यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपियों की छह झोपड़ियों में आग लगा दी थी। इस दौरान एक ट्रेक्टर और बोलेरो भी जला दी गई थी। इस मामले में थाना पुलिस ने ग्राम जगतपुर निवासी साहब सिंह की तहरीर पर नेकसा, करु, विल्द और अजय आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। घटना में देशराज के भांजे धर्मेंद्र का नाम भी आया था। इसी रंजिश में देशराज की हत्या करने का आरोप लग रहा है। सीओ कुरावली ने बताया कि घटना के संबंध में देर शाम तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।