भोगंाव। गांव छाछा में मंगलवार की रात एक युवक की हत्या करने के बाद उसका करब के ढेर में रखकर जला दिया। बुधवार सुबह आग से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने आग बुझाई तो इस सनसनीखेज घटना का पता चला। मरने वाले युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
एटा-कन्नौज मार्ग पर गांव छाछा में सड़क किनारे ब्रहमदत्त का मकान है और बुधवार सुबह करीब चार बजे उसके मकान के पास रखी करब में आग लगी हुई थी। पहले तो लोगों ने सोचा कि शायद कोई सर्दी से बचाव के लिए आग जलाकर ताप रहा है, बाद में दुर्गंध आने पर लोगों ने आग को बुझाया तो देखा कि उसमें एक युवक (20) का अधजला शव पड़ा था। जानकारी मिलने पर एसपी राकेश शंकर और एसडीएम महेश प्रकाश पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीणों ने का मानना है कि शव कहीं से बाहर से लाकर यहां जलाया गया है। शव को जलाने के लिए करब में कोई केमिकल भी डाला गया। घटनास्थल से पुलिस को एक शर्ट का टुकड़ा मिला है। इसमें सफेद बेस पर नीली और लाल लाइनें बनी हुई हैं। एसपी राकेश शंकर ने बताया कि शव के पास से मिले शर्ट के टुकड़े से शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के किसी भी थाने में मृतक के हुलिए से मिलतेे युवक की गुमशुदगी का मामला दर्ज नहीं है। ऐसे में युवक कहीं बाहर का हो सकता है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में गांव के चौकीदार नेत्रपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।