फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शट्डाउन के बाद भी लाइन की चालू, युवक की मौत

Thu, 09 Nov 2023 07:05 PM IST
Anonymous User ब्यूरो अमर उजाला मैनपुरी
विज्ञापन
विज्ञापन
अजीतगंज(मैनपुरी)। थाना एलाऊ क्षेत्र में रविवार को बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से एक प्राइवेट बिजली कर्मी की मौत हो गई। शट्डाउन लेकर चढ़ा युवक जब लाइन सही कर रहा था तभी लाइन चालू कर दी। जिसके कारण करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। परिवारीजनों ने लेखराजपुर-बोझी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम भोगांव के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम खोला गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के  लिए भेजा है।
विज्ञापन

थाना करहल क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर निवासी रोहित सिंह (21) पुत्र मुकेश सिंह प्राइवेट बिजली मैकेनिक था। परिवारीजनों के अनुसार लेखराजपुर फीडर पर तैनात तीनों लाइनमैन काम के लिए उसे बुला लेते थे। रविवार को भी लाइनमैन बिहारी ने रोहित को बुलाया था। पूर्वाह्न 11 बजे के लगभग लाइनमैन ने शट्डाउन लेकर बोझी के समीप एचटी लाइन पर चढ़ा दिया। जब रोहित लाइन सही कर रहा था तभी अचानक बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी। खंभे पर ही करंट से रोहित की मौत हो गई।  आक्रोशित परिवारीजनों और ग्रामीणों ने शव लेखराजपुर-बोझी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम भोगांव एमपी गुप्ता मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बिजली विभाग से सहायता दिलवाने, शासन से सहायता दिलवाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण आरवी सिंह का कहना है कि परिवारीजन जिस बिहारी लाइनमैन द्वारा बुलाए जाने की बात बता रहे हैं उसे विभाग ने दो माह पूर्व ही हटा दिया है। फिर भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें