खरगजीत मिश्र स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में रॉयल्स रेड और एनएस क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
क्रिश्चियन मैदान पर चल रही जनपदीय प्रतियोगिता में शुक्रवार को रॉयल्स रेड के कप्तान ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। केसीसी ने निर्धारित 25 ओवर में सभी विकेट खोकर 122 रन बनाए। टीम की ओर से विपिन यादव ने 36, बृजेश यादव ने 18 तथा हेमंत ने नौ रन बनाए।
रॉयल्स रेड की ओर से भूपेंद्र ने तीन, श्याम चौहान और अमित यादव ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। जवाब में रॉयल्स रेड ने 16 ओवर में तीन विकेट खोकर विजय लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर देवा चौहान ने 22, विपिन यादव ने ने 14 तथा अभिषेक यादव ने नाबाद 41 रन बनाए। केसीसी की ओर से विपिन यादव ने दो तथा अभिषेक चौहान ने एक विकेट लिया।
दूसरे मुकाबले में एनएस क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने सात विकेट खोकर 109 रन बनाए। टीम की ओर से हरिओम ने 28 तथा गोपाल ने 16 रन बनाए। रॉयल्स जूनियर की ओर से राजन, रजत और जितेंद्र ने दो-दो विकेट प्राप्त किए।
जवाब में खेलने उतरे रॉयल्स जूनियर के बल्लेबाज अच्छे खेल का प्रदर्शन नहीं कर सके। पूरी टीम 85 रन बनाकर ढेर हो गई। टीम की ओर से सचिन ने 18 तथा यश चौहान ने 11 रन बनाए। एनएस क्लब की ओर से सुवेंद्र चौहान ने चार, गौरव चौहान ने तीन तथा हरिओम ने दो विकेट लिए।
मैच में अंपायरिंग चंद्रभान शुक्ला एवं अतुल सक्सेना थे। स्कोरिंग नितिन मुकेश ने तथा कमेंट्री मोहित प्रकाश और आरजू सक्सेना ने की। प्रतियोगिता सचिव देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को एकता क्लब कुरावली और एनजे क्लब के मध्य सुबह नौ बजे से मैच खेला जाएगा।