प्रदेश के किसानों का कांग्रेस ही कर्जा माफ कर सकेगी। सपा, भाजपा और बसपा तो केवल किसानों के वोट ही लेते हैं। उनके हितों के लिए किसी राजनीतिक दल के पास कोई कार्यक्रम नहीं है। कांग्रेस सभी चुनावी वादे पूरे करती है। यह बातें कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राजेंद्र शर्मा प्रदेश महासचिव हरियाणा ने कहीं।
रविवार को राहुल संदेश यात्रा के दौरान मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र के गांव बरिहा, जसरऊ, राजपुरा, करीमगंज, सिकंदरपुर में लगाई गई चौपालों में उन्होंने कहा प्रदेश भर में राहुल संदेश यात्रा को समर्थन मिल रहा है। किसान की हितैषी केवल कांग्रेस ही है। यूपीए सरकार ने ही किसानों का कर्जा माफ किया था। जिलाध्यक्ष संकोच गौड़ ने कहा जब तक किसान भूखा रहेगा तब तक देश प्रगति नहीं कर सकता है। किसानों को सभी दलों ने वोट लेने के बाद धोखा ही दिया है।
महिला अध्यक्ष विनीता शाक्य ने कहा भाजपा सरकार ने बड़े घरानों का ही कर्जा माफ किया है। जबकि कांग्रेस ने किसानों का ही कर्जा माफ किया था। विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। इस मौके पर मानसिंह शाक्य, डाक्टर बुद्धपाल सिंह, प्रमोद पाल, सोमवीर सिंह, अजय दुबे, सुरेश राठौर, अरविंद यादव, रमेश वर्मा, जितेंद्र कुशवाहा, दीपचंद्र आदि मौजूद थे।