बेवर। बस से सवारियों को उतारते समय अचानक चालक ने गाड़ी चला दी। परिचालक पहिये के नीचे दब गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक कस्बा के मोहल्ला काजीटोला का रहने वाला था। थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजीटोला के रहने वाले मुकेश रावत ने बताया कि पुत्र निशु एक निजी बस पर परिचालक था। रविवार सुबह बस में सवारियां लेकर भोगांव से बेवर की तरफ आ रहा था। थाना क्षेत्र में एनएच34 गांव करपिया स्थित गोगा मंदिर के सामने चालक ने बस रोक दी।
निशु सवारियों को उतारने लगा। तभी अचानक चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। निशु बस के पहिये के नीचे दब कर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कुछ देर उपचार के बाद निशु ने दम तोड़ दिया। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी के लिए भेजा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।