रविवार को होली की पूर्व संध्या पर बाजार में खरीदारों के चलते जाम के हालात रहे। निषिद्ध क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाई गई।
तहसील से लेकर किशनी चौराहे तक रंग बिरंगी पिचकारियों, रंग, अबीर, गुलाल तथा नमकीन आदि की दुकानें सड़क के दोनों ओर सजी नजर आईं। जिन पर महिलाएं और पुरुष खरीदारी करते दिखे। त्योहार पर अपनी चीजों की ओर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिये कई दुकानदारों ने रोड किनारे काफी आगे बढ़कर अपनी दुकान को सजाया जिससे मार्ग संकरा हो गया। साइकिलों व मोटर साइकिलों की वहां भरमार तो रही ही, किशनी चौराहे से आने जाने वाले चार पहिया वाहन, आटो रिक्शा भी वहां बेरोकटोक घुसते रहे जिस कारण ग्राहकों को जाम का सामना करना पड़ा। देर शाम तक अतिक्रमण के बीच बाजार में जाम के हालात दिखाई दिए।
जमीन के विवाद में झगड़ा
थाना क्षेत्र के गांव बूरामई में जयपाल और रमेश के बीच रविवार को जमीन के विवाद में झगड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। वहां उनका शांतिभंग में चालान किया गया।
बंदूक सहित गिरफ्तार
थाना पुलिस ने रविवार को घिरोर चौराहे पर एक अवैध असलाह लिए घूम रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी बंदूक व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम श्याम सिंह गांव नगला सड़क बताया। थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा है।