जिले के 34 केंद्रों पर हुई विश्वविद्यालय की परीक्षाएं
- फोटो : अमर उजाला
विश्वविद्यालय परीक्षाओं में मंगलवार को बीए और बीएससी की परीक्षाएं हुई। बीए फाइनल गृह विज्ञान का पेपर देख जहां परीक्षार्थियों के चेहरे खुशी से खिल गए। वहीं बीएससी प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष का कंप्यूटर का पेपर कठिन आने से परेशान दिखे।
परीक्षार्थी राधा ने परीक्षा समाप्त होने के बाद कहा कि कंप्यूटर साइंस के पिछली बार का प्रश्न पत्र उसने देखा है। उसकी अपेक्षा इस वर्ष काप्रश्न पत्र कठिन है। तैयारी के आधार पर तीन ही प्रश्न आए। परीक्षार्थी राहुल ने कहा कि बीएससी द्वितीय वर्ष कंप्यूटर साइंस का द्वितीय प्रश्नपत्र पहले पेपर से कठिन आया है। तैयार किए गए प्रश्न काफी कम आए। इसके चलते पेपर ज्यादा अच्छा नहीं हुआ। वहीं परीक्षार्थी अमृता सिंह ने कहा कि आशा के अनुरूप गृह विज्ञान का प्रश्नपत्र आया है। परीक्षा देने से पहले काफी तनाव था लेकिन पेपर सामने आते ही राहत की सांस ली। प्रश्नपत्र के उत्तर काफी लंबे होने के बाद भी कठिन नहीं थे। जिले के नोडल केंद्र नेशनल डिग्री कालेज भोगांव से संबद्ध 17 केंद्रों पर बीए और बीएससी की परीक्षा हुई। वहीं नोडल केंद्र चित्रगुप्त डिग्री कालेज से संबद्ध 17 केंद्रोें पर परीक्षा हुई।