नेहरू स्टेडियम में बेसिक स्कूलों की 33वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीडीओ विजय कुमार गुप्ता ने सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और सलामी देकर किया। इसके बाद कबूतर और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिताओं को आगे बढ़ाया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। इसमें सभी ब्लाकों के बेसिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि सीडीओ विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से प्रतिभाएं निखरती हैं। छात्र-छात्राएं मन लगाकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें ताकि मंडल स्तर पर पहुंच सकें।
इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला गहियर की छात्राओं ने पीटी कर दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर कर दिया। लगभग एक दर्जन से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में पहले दिन जिम्नास्टिक प्राथमिक व जूनियर बालक व बालिका चारों में मैनपुरी विकास खंड के नगला मूले के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि कुरावली विकास खंड दूसरे स्थान पर रहा। लंबीकूद प्राथमिक बालक वर्ग में संजेश जागीर, अभिजीत कुरावली, मिथुन सुल्तानगंज, बालिका वर्ग में रागिनी सुल्तानगंज, परी मैनपुरी, शिवानी बरनाहल, लंबीकूद जूनियर बालक बालक वर्ग में पंकज बरनाहल, आशीष बेवर, उदयराज जागीर, बालिका वर्ग में नाजमा बरनाहल, डोली जागीर, कविता मैनपुरी, ऊंचीकूद जूनियर बालक वर्ग में देवेंद्र कुरावली, आदित्य मैनपुरी, मोनू जागीर, बालिका वर्ग में उर्मिला कुरावली, प्रतिमा बरनाहल तथा मोनिका बेवर क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं प्राथमिक वर्ग कबड्डी में जागीर विकास खंड प्रथम तथा मैनपुरी दूसरे स्थान पर रहा।
बेसिक शिक्षाधिकारी रामकरन यादव ने मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं जिला स्काउट गाइड कैप्टन पूनम गुप्ता और व्यायाम शिक्षिका चुन्नी देवी ने सभी को बैच और कैप लगाकर रैली में शामिल किया। कार्यक्रम का संचालन राकेश चतुर्वेदी और पीटीआई राकेश कुमार ने किया। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी भारती शाक्य, रामशंकर कुरील, अवनीश यादव, शंकरदयाल नामदेव, मनेंद्र यादव, सर्वेश यादव, क्रीड़ाधिकारी पीके गुप्ता, रामप्रकाश मौर्या, साधना अंबेश, राजेंद्र सिंह, मधु, राजीव यादव, महेंद्र प्रताप सहित सभी व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे।