मैनपुरी। सर्द हवाएं बच्चों और बुजुर्गों की जान के लिए आफत बन रही हैं। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल पहुंचे तीन साल के बच्चे और दो बुजुर्गों ने दम तोड़ दिया। बच्चे को निमोनिया की दिक्कत थी जबकि एक मरीज की अस्थमा और दूसरे की हृदयाघात के कारण मौत हो गई।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। अस्पताल की ओपीडी में 980 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। 17 मरीज हालत बिगड़ने पर भर्ती कराए गए। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव करीमगंज निवासी सुनील (3) पुत्र खुशीराम को पिछले कुछ दिनों से निमोनिया की दिक्कत थी। परिजन उसका उपचार एक निजी डॉक्टर के अस्पताल में करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन बुधवार की शाम उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला भगत निवासी राजबहादुर (54) को बुधवार की शाम हृदयाघात पड़ा। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ही मोहल्ला विवेक विहार निवासी कृपाल सिंह (65) को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि तीनों मरीजों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। जिला अस्पताल की इमरजेंसी से बृहस्पतिवार को तीन मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। तीनों मरीजों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।