लोकेश एम ने मुख्यमंत्री के हरियाली प्रोजेक्ट में 40 हेक्टेयर में रोपित किए गए 25 हजार पौधों का रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों पर ब्रिक गार्ड लगाने के निर्देश वन रेंजर को दिए। साथ ही कहा कि भूमि का सही ढंग से ट्रीटमेंट न होने के कारण पौधे सही से विकसित नहीं हो रहे है। करीब 30 प्रतिशत पौधे मर चुके हैं। कुछ पौधे सूख रहे है। उन्होंने आदेश दिए कि जो पौधे मर गए हैं उनके स्थान पर भूमि का जिप्सम, गोबर से ट्रीटमेंट कर जुलाई में नए पौधे रोपित करें।
डीएम ने पेंच नंबर 7, 8 में रोपित पौधो का जायजा लिया। पेंच नंबर सात में अधिकांश पौधे कंजी के मिले इसमें अन्य पौधो की दशा ठीक नहीं थी। मिट्टी का पीएच भी मानक से अधिक 9.5 प्रतिशत था। पेंच नंबर आठ में अधिकांश पेड़ नीम के रोपित मिले। इस पेंच में भी मिट्टी का पीएच मानक से अधिक मिला। दोनो स्थानों पर जंगली बबूल काफी मात्रा में पाया गया। इस पर उन्होंने रेंजर को निर्देश दिए जंगली बबूलों को सिग्लिंग कराने, सूखे पौधों का सर्वे कर उन पर नंबरिंग कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
डीएम ने समान में निर्माणाधीन 17 लोहिया आवासों के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। मौके पर उपलब्ध ईंटों की खराब गुणवत्ता मिलने पर उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य रोकने के साथ ही संबंधित प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस जारी करने के आदेश दिए। समान पक्षी विहार के बाद जिले के 22.110 हेक्टेयर में स्थित सौंज तालाब का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी सिद्धार्थ अंबेडकर, तहसीलदार किशनी राकेश सोनी,अनिल सक्सेना आदि उपस्थित रहे।