फोटो 15 सीजी स्पोर्टस की लक्ष्मी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान करते अमित जौहरी। स्रोत आयोज
मैनपुरी। मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान में चल रही जनपदीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए मैच में सीजी स्पोर्ट्स ने सेंट मेरीज स्कूल की टीम को 235 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच में सेंट मेरीज स्कूल की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले खेलते हुए सीजी स्पोर्ट्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच पर 248 रन बनाए। शिखा ने 54, अंशिका ने 50 और प्राची ने 32 रनों की पारी खेली। सेंट मेरीज स्कूल की यशिका और साक्षी ने दो-दो तथा परी ने एक विकेट झटका। जीत के लिए लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट मेरीज स्कूल की टीम महज 13 रनों पर ही सिमट गई। आस्था ने पांच और आराध्या ने दो रन बनाए। सीजी स्पोर्ट्स की लक्ष्मी ने चार, पावनी और श्रेयल ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले मैच का शुभारंभ एसबीआरएल एजुकेशनल एकेडमी की प्रधानाचार्य स्तुति गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। माही क्रिकेट क्लब की ओर से शिक्षिका निर्मला धूसिया स्मृति प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार लक्ष्मी को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा युवा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष अमित जौहरी ने प्रदान किया। मैच में अंपायरिंग सुनील शुक्ला और मृदुल रायजादा ने, स्कोरिंग आरजू सक्सेना ने और कमेंट्री नीरज कुमार ने की।