नगर के देवी रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान बिजली विभाग और बीएसएनएल की केबल मजदूरों ने काट दी हैं। इससे क्षेत्र में दोनों ही विभागों की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
देवी रोड पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। पहले नाला निर्माण का कार्य और उसके बाद सड़क चौड़ी करने का काम धीमी रफ्तार से जारी है। रविवार को जेसीबी ने नार्मल स्कूल से लेकर घंटाघर चौराहे तक खोदाई की। इस दौरान बीएसएनएल और विद्युत विभाग की भूमिगत केबलें कई जगहों पर कट गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मनमाने ढंग से देवी रोड पर किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में कई कमियां हैं। साथ ही निर्माण कार्य मानकों और नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। सड़क निर्माण कार्य के चलते बिजली की केबल कटने से लोगों को परेशानियां हो रही हैं। वहीं बीएसएनएल लाइन कटने से क्षेत्र की संचार सेवा भी प्रभावित हो रही है।