मैनपुरी। हनुमान जयंती जिले भर में धूमधाम से मनाई गई। हनुमान मंदिरों को लाइटों और झालरों से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग लगाए और सुंदरकांड का पाठ किया। पुरानी मैनपुरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पूरे दिन धार्मिक आयोजन होते रहे। सुंदरकांड के पाठ के बाद देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर जारी रहा। कस्बों और देहातों में भी हनुमान मंदिरों में धार्मिक आयोजन किए गए। घरों में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर राम भक्त हनुमान की पूजा अर्चना की।
पुरानी मैनपुरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां सुबह से ही धार्मिक आयोजन शुरू हो गए। हनुमान प्रतिमा को नया चोला पहनाया गया। महंत पंडित शीलनामाचार्य ने प्रसाद वितरित किया। घंटाघर चौराहे स्थित हनुमान मंदिर पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए उमड़ते रहे। सदर बाजार स्थित हनुमान मंदिर और कृष्णा सिनेमा रोड स्थित हनुमान मंदिर को भी जयंती पर आकर्षक ढंग से सजाया गया। भोगांव में जीटी रोड पर रेलवे क्रासिंग के समीप हनुमान गढ़ी पर सुबह हनुमान प्रतिमा को नया चोला पहनाया गया। पूरे दिन मंदिर में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुआें का तांता लगा रहा। रात में मंदिर में कीर्तनों का आयोजन किया गया। सोमेश्वरनाथ मंदिर में भी सुबह से देर रात तक सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। करहल के बालाजी मंदिर और मोटामल महाराज मंदिर को हनुमान जयंती पर बिजली की झालरों से सजाया गया। कुसमरा के प्राचीन शिव मंदिर पर हनुमान जयंती महोत्सव मनाया गया। कथावाचक मृदुला शुक्ला ने कहा कि भगवान जिस दिन हमें अपने बच्चों और धन-संपत्ति की तरह प्रिय लगना शुरू हो जाएंगे उसी दिन हमें चैतन्य ज्ञान के स्वरूप की प्राप्ति हो जाएगी। बेवर के फर्रुखाबाद रोड स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के श्रीराम दरबार मंदिर में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने हनुमान जयंती मनाई। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष अमित सिंह बैस द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ कर किया गया। विजय सिंह बैस ने राम भक्त हनुमान के चरित्र का वर्णन कर उनके आदर्शों पर चलने की अपील की। इस मौके पर प्रवीन शाक्य, कुलदीप बैस, विवेक बैस, कन्हैया शर्मा, राहुल, अभिषेक मिश्रा, ब्रजेश शर्मा, अनुभव गुप्ता, सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे।