बेवर। नगर से अलीगंज के लिए सीधी बस सेवा न होने से लोगों को परेशानी बढ़ रही है। रोडवेज बस संचालन न होने के करण मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बेवर डिपो के अधिकारियों से मार्ग पर बस संचालन की मांग की है ताकि लोगों का सफर सुगम बन सके।
परिवहन निगम के बेवर डिपो के बेड़े में 53 बसें हैं, जिनका संचालन नियमित रूप से दूसरे जनपदों और क्षेत्रीय मार्गों पर किया जा रहा है। डिपो की ओर से मुख्यमंत्री ग्रामीण जनता सेवा के तहत चार बसों का संचालन किया जा रहा है। लेकिन अभी भी कई ऐसे मार्ग हैं, जहां बस संचालन न होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
बेवर से आलीपुरखेड़ा होकर जनपद एटा के अलीगंज के लिए बस संचालन की मांग पिछले कई दिनों से की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बेवर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अलीगंज एटा के लिए सफर करते हैं। सीधी रोडवेज बस न होने से लोगों को दिक्कतें हो रहीं हैं।
बेवर से अलीगंज के लिए रोडवेज बस संचालन न होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। आने-जाने वाले लोगों को प्राइवेट वाहनों से टुकड़ों में सफर करना पड़ रहा है। इससे उनके समय और धन की बर्बादी हो रही है।
- अमित कुमार सक्सेना, बेवर।
ग्रामीण मार्गों पर बसों का संचालन बढ़ाए जाने से लोगों को सुविधा मिली है। लेकिन अभी भी कई ऐसे मार्ग हैं जहां बस संचालन की आवश्यकता है। अलीगंज के लिए सीधी बस सेवा की दरकार है।
- लकी पांडेय, बेवर।