मैनपुरी के करहल में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात को दिल्ली से लखनऊ जा रही एक निजी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे में चालक, परिचालक समेत पांच लोग घायल हुए हैं। हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
घटना थाना करहल क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 85.500 पर हुई। पुलिस के अनुसार बस दिल्ली से करीब 40 यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। इस दौरान आगे चल रहे ट्रक से बस पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। टक्कर लगने से बस चालक कृष्णा निवासी चिकरंदा थाना राजा खेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) तथा सह चालक अविनाश उर्फ विक्की निवासी पचगांव, धौलपुर घायल हो गए।
दोनों को उपचार के लिए सैफई पीजीआई भेजा गया। वहीं बस में सवार हुसैन, वासिद अहमद और सारिका को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पाण्डेय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया पा लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकालकर अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया।