मैनपुरी में घर के बाहर सो रहे किसान को सांड ने उठाकर पटका। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख सुन घरवाले भागकर पहुंचे। उन्होंने किसान को अस्पताल में भर्ती कराया।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सोमवार की रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे किसान पर सांड ने हमला कर दिया। चीख सुनकर घरवाले भागकर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल किसान को आनन फानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
घटना एलाऊ थाना क्षेत्र के बिरतिया गांव की है। गांव निवासी किसान दिनेश चंद्र दुबे सोमवार की रात खाना खाने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। देर रात एक सांड़ चबूतरे पर चढ़ आया और किसान को चारपाई सहित उठा कर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से किसान की आंख खुल गई।
हमलावर सांड़ ने किसान को फिर से उठा कर फेंक दिया। चीख पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोग एकत्र हो गए। सभी लाठी डंडा फावड़ा आदि लेकर आए। तब कहीं जाकर सांड़ को गांव से बाहर खदेड़ा। सांड़ के हमले में घायल हुए किसान दिनेश चंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत इलाहबांस में गोशाला होने के बाद भी गोवंश खुले घूम रहे हैं। ग्रामीणों को भय सताता रहता है कि कब ये बच्चों महिलाओं पर हमला न कर दें। ग्रामीणों ने छुट्टा गोवंश को गोशाला में भेजे जाने की मांग की है।