गर्मी बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में बुखार, पेट दर्द, डायरिया से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को बुखार से पीड़ित एक रोगी की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में विभिन्न रोगों से पीड़ित 400 से अधिक रोगी पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वालों में सौ से अधिक रोगी डायरिया और बुखार से पीड़ित थे।
थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम पधमिया निवासी शैली (03) को अचानक बुखार आ गया। परिवारीजन जिला अस्पताल लाए। इस दौरान शैली की मौत हो गई। वहीं रविवार को जिला अस्पताल बंद होने के चलते इमरजेंसी में रोगियों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक इमरजेंसी में लगभग चार सौ रोगी पहुंचे। अधिकांश उल्टी दस्त और बुखार से पीड़ित थे।
खानपान में बरतें सावधानी
मैनपुरी। जिला अस्पताल वरिष्ठ फिजीशियन डा. जेजे राम का कहना है कि इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। दूषित खानपान और कपड़े सही ढंग से न पहनना बीमारियों को बढ़ा रहा है। लोग वासी भोजन, अधिक वसा युक्त पदार्थ और कटे-फटे फलों का सेवन न करें। बीमार होने पर कुशल चिकित्सक से परामर्श लें।