बुखार से दो और बच्चों की मौत, आठ सौ मरीज
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बुखार, मलेरिया, डेंगू डायरिया से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। इसी के चलते बुखार से पीड़ित दो और बच्चों की मौत हो गई। गुरुवार को जिला अस्पताल में विभिन्न रोगों से पीड़ित 1140 से अधिक रोगी पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वालों में सौ से अधिक रोगी वायरल फीवर और उल्टी दस्त, पेट दर्द से पीड़ित थे।
थाना भोगांव क्षेत्र के मैनपुरी रोड निवासी उपासना (08) पुत्री विष्णु को तीन दिन पहलेे बुखार आया था। परिवारीजन उपासना का उपचार प्राइवेट चिकित्सक के यहां करा रहे थे। यहां आराम न मिलने पर गुरुवार की शाम परिवारीजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगरिया निवासी राहुल (छह माह) पुत्र विजेंद्र को तेज बुखार आ गया। परिवारीजन प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए। यहां आराम न मिलने के चलते गुरुवार की दोपहर हिमांशु को जिला अस्पताल में लेकर आ रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
सितंबर से अब तक 31 की हो चुकी मौतें
मैनपुरी। जिले में वायरल फीवर, चिकनगुनिया, डेंगू और डायरिया से पीड़ित 31 लोगों की सितंबर से अब तक तौत हो चुकी हैं। इनमें नौ लोग डेंगू से, पांच चिकनगुनिया और नौ लोगों की वायरल फीवर से मौत हुई हैं। वहीं डायरिया की चपेट में आकर आठ लोगाें की मौत हो चुकी है।
60 से अधिक रोगी बाहर करा रहे इलाज
निजी पैथोलॉजी में जांच के आंकड़ों के अनुसार जिले में करीब 60 से अधिक डेंगू और वायरल फीवर से पीड़ित आगरा के अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण ये है कि जिले में कलेक्शन सेंटर के नाम से बड़े पैमाने पर पैथोलॉजी चल रही हैं। कार्रवाई से बचने के लिए निजी पैथोलॉजी संचालक डेंगू पीड़ितों का खुलासा नहीं करते हैं।