अनियंत्रित बोलेरो दुकान में घुसी
- फोटो : अमर उजाला
घने कोहरे में गुरुवार रात स्टेशन रोड से आ रही एक तेजगति में बोलेरो दुकान में जा घुसी। एकाएक हुई तेज आवाज सुनकर लोग जमा हो गए। बोलेरो में सवार लोग नशे में बताए जा रहे थे। वहीं उन्हें हल्की चोटें भी आई हैं।
कोतवाली क्षेत्र निवासी बबलू की क्रिश्चियन तिराहा पर परचून की दुकान है। गुरुवार रात वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात करीब 12 बजे स्टेशन रोड की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो कार तेजगति में आई और सीधे दुकान में घुस गई। हालांकि इस दौरान न तो सड़क पर कोई राहगीर था न हीं दुकान के आसपास कोई मौजूद, इस वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। बोलेरो की दुकान में टक्कर से हुई तेज आवाज के साथ ही वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। बोलेरो में करीब आठ लोग सवार बताए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक समेत अन्य भी नशे में थे। बाद में सभी वहां से चले गए। दुकान स्वामी ने बताया कि बोलेरो स्वामी बेवर क्षेत्र का रहने वाला है। उसने नुकसान की भरपाई का भरोसा दिया है।