फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार और यूपी में सत्ता में आएगी भाजपा

Wed, 09 Sep 2015 11:12 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला मैनपुरी
विज्ञापन
विज्ञापन
घिरोर। सांसद डा. सच्चिदानंद हरि साक्षी ने कहा कि आने वाले समय में विश्व के नक्शे से पाकिस्तान का नामोनिशान मिट जाएगा। भारत गुलाम कश्मीर ही नहीं अब लाहौर की भी मांग करेगा। पाक अधिकृत कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और भारत इसे लेकर ही रहेगा। इसे लेकर मिशन की शुरुआत हो गई है। उन्होंने दावा किया कि बिहार और यूपी के विधानसभा चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। सपा मुखिया के बयानों और बेटे अखिलेश को लगाई जा रही डांट से उनकी हताशा साफ झलकने लगी है।
विज्ञापन

बुधवार को आगरा से कानपुर जा रहे सांसद साक्षी ने वेद प्रकाश वैदिक के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि देश जानता है कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। पाक आतंकवादी भारत में घुसपैठ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री धैर्यवान और आध्यात्मवादी हैं लेकिन अब वह दिन दूर नहीं जब पाकिस्तान का उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। कहा, प्रभु श्रीराम कोटि-कोटि हिंदुओं के आराध्य हैं। दुनिया की कोई ताकत अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को नहीं रोक सकती। इस मसले में देश के मुसलमानों को बड़े दिल का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहली बार देश को एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जिसने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। बिहार के बाद भाजपा यूपी में भी दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। सपा मुखिया की बौखलाहट और हताशा उनके बयानों में साफ झलक रही है। बसपा और कांग्रेस का तो यूपी में कोई वजूद ही नहीं बचा है। प्रदेश में पार्टी का चेहरा कौन होगा के सवाल पर बोले कि भाजपा में चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री और सब्जी बेचने वाला मुख्यमंत्री बन सकता है। यूपी में चेहरा कौन होगा यह भी चुनाव के बाद सामने आ जाएगा। प्रतिबंध के बाद भी प्रदेश में गौ हत्या न रुकने की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही ऐसा कानून लाएगी जिससे देश भर में गौ हत्या पर प्रभावी रोक सके। बिहार में महागठबंधन की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि समधी-समधी ही एक नहीं रह सके तो महागठबंधन से और उम्मीद क्या की जा सकती है। आरोप लगाया कि सपा सरकार साजिश के तहत मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण के लिए प्रदेश में दंगे करा रही है। तुष्टीकरण के लिए ही दंगे कराए जाते हैं। प्रदेश में बलात्कार और हत्या के मामलों में रिकार्ड बना रहा है और सपा सरकार इसे लेकर मौन बैठी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें