थाना कुर्रा क्षेत्र में बाइक की मांग को लेकर ससुरालीजनों ने
विवाहिता की हत्या कर दी। शव को फंदे पर लटकाकर सभी फरार हो गए। ग्रामीणों
की सूचना पर मायके के लोग मौके पर पहुंचे। विवाहिता के भाई ने महिला के
पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौैंप दिया।
इटावा के थाना भरथना क्षेत्र के ग्राम सराय चौरी निवासी मिसरी लाल
वाल्मीकि ने बेटी नीतू (23) की शादी एक जून 2012 को कुर्रा निवासी रिंकू
उर्फ कंजा से की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग
करने लगे। कई बार पंचायत भी हुई। हर बार उत्पीड़न न करने का आश्वासन महिला
के परिवारीजनों को दिया। नीतू के भाई बंगाली बाबू के अनुसार बाइक की मांग
को लेकर शनिवार की रात पति रिंकू, ससुर अहिबरन, जेठ टिंकू और सास व जेठानी
ने पहले नीतू की पिटाई की। इससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसे फंदे पर लटका
दिया।
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उन्हें दी। इस पर वे रविवार की सुबह कुर्रा
पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नीतू के शव को
उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। डाक्टरों के अनुसार नीतू
के शरीर पर पीटने की गंभीर चोटों के निशान हैं। वहीं पुलिस ने भाई बंगाली
बाबू की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की
जांच शुरू कर दी है।