मैनपुरी। प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के तत्वावधान में भोगांव के रामलीला मैदान में आयोजित बेसिक प्रीमियर लीग का समापन हो गया। बुधवार को खेले गए लीग के फाइनल मैच में बेवर राइजिंग चैंपियंस ने बेवर बेसिक दबंग को आठ विकेट से हराकर विजेता कप अपने नाम किया। विजेता-उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
बेवर बेसिक दबंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में तीन विकेट पर 126 रन बनाए। बल्लेबाज रोहित कुमार ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 51, संजय राजपूत ने 17 और दीपक राजपूत ने 12 रन बनाए। बेवर राइजिंग चैंपियंस के रजत चौधरी ने तीन और सुमित शुक्ला ने दो विकेट लिए। विजेता बनने के लिए लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेवर राइजिंग चैंपियंस ने 12 ओवर में महज दो विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर मुकाबले में जीत हासिल कर ली। नौरंगी ने नाबाद 62 और राहुल ने नाबाद 45 रनों की शानदार पारी खेली। बेवर बेसिक दबंग के संजय राजपूत ने एक विकेट लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कश्मीर सिंह लोधी ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। बेवर राइजिंग के नौरंगी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। मैच में अंपायरिंग अमन राजपूत और रवि ने, स्कोरिंग अमित यादव और नितिन ने की। कमेंट्री ऋषी चौहान ने की। इस दौरान विजय प्रताप सिंह, सुजीत चौहान, अमित दुबे, रवि चौहान, पुष्पेंद्र सिंह तोमर, योगेश शाक्य, आरके बौद्ध, पवन, गगन आदि मौजूद रहे।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने मनोज
बेसिक प्रीमियर लीग के समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किए गए। गेम चेंजर और सर्वश्रेष्ठ कैच का पुरस्कार राहुल यादव, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मनोज को और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार रजत चौधरी को प्रदान किया गया।
बीएस लाइंस की टीम ने 45 रनों से जीता मुकाबला
किशनी। गांव गोकुलपुर में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को बीएस लाइंस क्रिकेट क्लब की टीम ने बिहारी क्रिकेट क्लब किशनी को 45 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। 85 रनों की पारी और पांच विकेट लेने वाले लाइंस के गेंदबाज पंकज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
बीएस लाइंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में पहले खेलते हुए पांच विकेट पर 195 रन बनाए। बल्लेबाज पंकज ने 85 और साहिल ने 70 रन बनाए। किशनी के गेंदबाज शुभ ने तीन और विकास ने दो विकेट लिए। जीत के लिए लक्ष्य का प्रदर्शन करने उतरी बिहारी क्रिकेट क्लब किशनी की पूरी टीम आठ ओवर में 150 रन ही बना सकी। बल्लेबाज शुभ ने 60, विकास ने 30 और अंकित ने 25 रन बनाए। बीएस लाइंस के गेंदबाज पंकज ने पांच विकेट लिए। मैच में अंपायरिंग अंकित यादव और आशू यादव ने की।
क्रिकेट टूर्नामेंट 16 जनवरी से
किशनी। नगर के सती मंदिर खेल मैदान पर 16 जनवरी से जय मां सती क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। आयोजक डिंपल कठेरिया ने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मैच फ्लैस की गेंद से होंगे और विजेता टीम को 5100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।