फोटो 20 मैच से पहले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते दीपक दास। स्रोत आयोजक
मैनपुरी। मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में क्रिश्चियन मैदान पर महाराजा तेजसिंह ऑल यूपी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को खेले गए पूल बी के दूसरे मैच में डीसीए फिरोजाबाद ने केसीए कानपुर की टीम को 55 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
फिरोजाबाद की टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। फिरोजाबाद ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 170 रन बनाए। आनंद राज ने 72, अभि कुशवाह ने नाबाद 43 और वकार अहमद ने 30 रनों की पारी खेली। कानपुर के दिव्यांशु पांडेय ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की टीम 16 ओवर में 115 रन ही बना सकी। हरीश ने 28, आदर्श ने 14 और दिव्यांशु पांडेय ने 11 रन बनाए। फिरोजाबाद के शोएब और विजेंद्र ने तीन-तीन, हमजा ने दो विकेट लिए।
इससे पहले दीपक दास ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। फिरोजाबाद के आनंद राज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अजय सिंह ने प्रदान किया। मैच में अंपायरिंग शिशिर मल्होत्रा और विशाल वर्मा ने, स्कोरिंग मृदुल रायजादा ने, कमेंट्री सुनील शुक्ला और नीरज यादव ने की। इस दौरान महेश मिश्रा, बीडी शुक्ला, बीके सिंह, अतुल चौहान, विकास मिश्रा, आलोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।