दलित परिवार को पीटा, घर में लगाई आग
- फोटो : अमर उजाला
थाना औंछा क्षेत्र के एक गांव में जमीन मुक्त कराने को लेकर दिया गया प्रार्थना-पत्र दलित परिवार के लिए मुसीबत बन गया। गुस्साए आरोपियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार को पीटा। इससे भी मन नहीं भरा तो घर में आग लगाकर दलित परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने घर में लगी आग को बुझाया। इतना सब होने के बाद भी पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शनिवार को पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना-पत्र दिया है।
एक गांव निवासी दलित गिरीश चंद्र ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर गांव में चरबाह की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। इस बात पर विपक्षी उससे नाराज हो गए। पहले गाली गलौज कर उसे प्रार्थना-पत्र वापस लेने के लिए धमकाया। दलित नहीं माना तो 25 मई को आरोपियों ने लाठी-डंडा और असलाह लेकर उसके घर धावा बोल दिया। आरोप है कि घर में मौजूद परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और धमकाया। इसके बाद परिवार को जिंदा जलाने के लिए घर में आग लगा दी। किसी तरह से ग्रामीणों ने आग को बुझाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी घर में रखी नकदी और जेवर भी लूट ले गए। थाने में कोई सुनवाई न होने के बाद शनिवार को दलित परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा। वहां एएएसपी ओमप्रकाश सिंह को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। वहीं अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवारीजनों का कहना था कि अगर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो वह भूख हड़ताल पर बैठेंगे।