देहात में बैंक तो शहर में एटीएम पर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
नोटबंदी का असर पूरे जिले पर हुआ है। आम आदमी की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। एटीएम और बैंकों में कैश नहीं होने से ग्राहक रोजाना परेशान हो रहे हैं। कहीं शादी वाले तो कहीं बीमारी वाले घरों में लोग नोटबंदी को लेकर आक्रोशित हैं।
जिले भर की बैंकों में दो दिन से कैश नहीं है। एटीएम कई दिनों से खाली चल रहे हैं। नगर में एक दिन में एक दो ही एटीएम में कैश डाला जाता है। जो देखते ही देखते समाप्त हो जाता है। बैंकों में भी कैश नहीं होने से ग्राहक रोजाना परेशान हो रहे हैं। नई करेंसी अभी तक आई नहीं है। बैंकों में 100-100 के नोट समाप्त होने लगे हैं। बाजार में खुले रुपयों की किल्लत के कारण बैंक पहुंचने वाले ग्राहक अब 2000 के नोट लेना ही पसंद नहीं कर रहे हैं। हालात यह हैं कि देहात में बैंक तो शहर में एटीएम पर भीड़ उमड़ रही है। लोग एटीएम में कैश नहीं होने के बाद भी सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं। दोपहर बाद तक कैश नहीं आने के बाद ग्राहक एटीएम से खाली हाथ लौट रहे हैं। बैंकों में अब शहर में भीड़ कम हो रही है मगर देहात में बैंकों में भीड़ उमड़ रही है। मगर देहात की बैंकों में भी कैश नहीं है।
भोगांव में नोटबंदी के 15 वें दिन भी नगर की सभी बैंक शाखाओं पर रुपये के लेनदेन के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। डाकघर में कर्मचारियों द्वारा रुपया जमा नहीं किया गया। भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक अखिलेश चतुर्वेदी ने बुधवार को बैंक में रुपये के लेनदेन के लिए जमा वृद्धजनों को बैंक के अंदर ले जाकर उनका लेनदेन कराया। स्टेट बैंक के एटीएम को छोड़कर नगर के शेष एटीएम 15 वें दिन भी शोपीस बने रहे।