कुसमरा। चौकी क्षेत्र में इटावा-बेवर मार्ग पर भगवन्नों मठिया के पास मंगलवार देर शाम कार ने सामने से आ रहे ऑटो को चपेट में ले लिया। इससे ऑटो और कार में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। हादसे में नगला भूपति की रहने वाली महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 9 घायलों को सीएचसी से पीजीआई सैफई रेफर किया गया।
गांव गुलालपुर का रहने वाला ऑटो चालक रिंकू मंगलवार शाम को सवारियां लेकर बेवर की तरफ जा रहा था। तभी कुसमरा चौकी क्षेत्र में इटावा-बेवर मार्ग पर भगवन्नों मठिया के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय भूरी देवी निवासी नगला भूपति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रीना देवी निवासी गुलालपुर, 14 वर्षीय रूबी निवासी गुलालपुर, सरोजनी देवी निवासी गांव खड़सरिया, सुनीता देवी निवासी अहंकारीपुर, सोबरन सिंह, दीपांशु निवासी ऊसराहार गंभीर रूप से घायल हो गए व अन्य को भी चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे बताया कि हादसे के समय ऑटो और कार में 5-5 लोग सवार थे। हादसे में घायलों को उपचार के लिए सीएचसी किशनी में भर्ती कराया। वहां से सभी 9 घायलों को पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने भूरी देवी का शव मोर्चरी में रखवाया है।
-
7 जुलाई को जानी थी बेटे की बरात
हादसे में जान गंवाने वाली भूरी देवी अपने बेटे बीटू की शादी के कार्ड बांटने के लिए बेवर क्षेत्र में जा रही थीं। उनके बेटे की बरात 7 जुलाई को जनपद फर्रुखाबाद के गांव अलावलपुर जानी है। भूरी देवी के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। हादसे में उनकी मौत के बाद शादी की तैयारियों वाले घर में मातम छा गया है, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
अफरा-तफरी का माहौल, निजी वाहनों से भेजा अस्पताल
घायल होने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एंबुलेंस को सूचना दी गई, मगर घायलों की स्थिति को देखते हुए चौकी पुलिस ने घायलों को निजी वाहनों से सीएचसी किशनी भेजा।
फोटो31 हादसे में घायल महिला को अस्पताल में ले जाती पुलिसकर्मी। संवाद
फोटो31 हादसे में घायल महिला को अस्पताल में ले जाती पुलिसकर्मी। संवाद
फोटो31 हादसे में घायल महिला को अस्पताल में ले जाती पुलिसकर्मी। संवाद