जिले में सामान्य बुखार से साथ-साथ डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। नगर के रेलवे स्टेशन के निकट स्थित मोहल्ला मलिक मील में पांच लोग डेंगू की चपेट में हैं। जिन्हें आगरा के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। इनमें एक शिक्षक तथा उनका एक पुत्र भी शामिल है। मोहल्ले में डेंगू के मरीज मिलने से हड़कंप मचा है।
जिला में पायरेक्सिया, टाइफाइड, मलेरिया के बाद अब डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। मलिक मील में एक के बाद एक पांच लोगों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। यहां के निवासी शिक्षक डाक्टर मनोज कुमार यादव उनके तीन वर्षीय पुत्र समर्थ और मोहल्ला के ही सेवानिवृत्त शिक्षक पदम सिंह, कमलेश कुमार की पुत्री शिवानी तथा पुत्र अमन में डेंगू के लक्षण मिले हैं। मनोज कुमार और समर्थ को उपचार के लिए आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं अन्य तीन मरीजों का आगरा में ही इलाज चल रहा है। मोहल्ले में डेंगू के लक्षण मिलने से हड़कंप मचा है। यहां के निवासी सर्वेश यादव अंबुज अवधेश, सुभाष, भूरे, राजपाल, अशोक कुमार, कमलेश, अनिल प्रदीप आदि ने स्वास्थ्य विभाग से मोहल्ले में टीम भेजकर जांच कराने की मांग की है।
इसके अलावा मोहल्ला खरगजीत नगर में शिव कुमार की पत्नी गीता, अवनीश व रोहित में भी डेंगू के लक्षण मिले हैं। इन्हें भी एक अस्पताल में भर्ती कराया है। डेंगू के प्रकोप को देखते हुए लोगों में दहशत है। लोगों ने सीएमओ से जिला अस्पताल में डेंगू जांच की किटें और डेंगू का उपचार उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
जिला अस्पताल में डेंगू का अलग से वार्ड बना है। साथ ही जांच के लिए जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी और पीएचसी में किटें हैं। वह टीम को सोमवार को मोहल्ले में जांच के लिए भेजेंगे।
डाक्टर केके शर्मा, सीएमओ, मैनपुरी