औंछा। थाना क्षेत्र के गांव चीतई में घर के सामने खड़े होकर गालियां देने का विरोध करने पर आरोपियों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से जानलेवा हमला कर दिया। एक बुजुर्ग सहित परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
चीतई निवासी ममता शाक्य ने प्राथमिकी में बताया कि बृहस्पतिवार की शाम उनकी नाबालिग बेटियां घर के अंदर खाना बना रही थीं। इसी दौरान गांव का ही रामप्रकाश घर के सामने गालियां देने लगा। जब उसके बुजुर्ग ससुर रंगीलाल ने गालियां देने से मना किया तो रामप्रकाश ने फोन से अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
उसने बताया कि रामप्रकाश के फोन करते ही भूपेंद्र, रोहित, अंकुल, सौरव लाठी-डंडे और लोहे की सरिया लेकर आ गए। घर के अंदर जबरन घुसकर पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। उसके ससुर रंगीलाल, देवर प्रेमसिंह, उनकी बेटी उजाला तथा श्यामवीर की बेटी सोनम को गंभीर चोटें आईं। शोरगुल सुनकर ग्रामीणों को आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है।