किशनी क्षेत्र के गांव अतरा में लोग हर वक्त हादसे की दहशत में जी रहे हैं। गांव में हाईटेंशन लाइन के तार खेत में खड़ी फसलों पर झूल रहे हैं। कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जबकि इन लटकते तारों से पूर्व में कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव अतरा के ग्रामीण बारिश के मौसम में खेतों पर जाने से डर रहे हैं। गांव में हाईटेंशन लाइन के तार कुछ ही ऊंचाई पर मौत की तरह लटक रहे हैं। खेत में खड़ी फसलें स्वाहा होने का भय बना हुआ है। यही नहीं कई जानवर भी करंट से अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रधानपति राम रतन ने बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व गोलाकुंआ के पास एक ट्रक झूलते तारों की चपेट में आकर जल गया था। गांव निवासी मानसिंह के खेत में तो तार फसल को झू रहे हैं। कोई ग्रामीण अगर बरसात के मौसम में फसल को छू ले, तो हादसा हो सकता है। गांव के गुरुचरन, मनोज, सूरजपाल, चंद्रशेखर, गौरीशंकर, रमाशंकर, गीताप्रसाद आदि ने डीएम से झूलते तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है।