नकल विहीन माहौल में ही हर हाल में बोर्ड परीक्षाएं कराई जाएंगी। नकल करने और कराने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। यह बातें डीएम चंद्रपाल सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में कहीं।
गुरुवार को टीईपी सेंटर के सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा नकल के लिए डराने, धमकाने, नकल का दबाव बनाने वाले की सूचना दें तत्काल कार्रवाई होगी। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग कदापि न होने दें। 213 परीक्षा केंद्रों हेतु 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। 11 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं । प्रश्नपत्रों की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखें। कक्ष निरीक्षक से कठिनाई होने पर उसे तत्काल हटाया जाएगा। स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट मुख्य विषयों की परीक्षाओं में लगातार भ्रमण करेंगे। एसडीएम और सीओ भी निरीक्षण करेंगे। एसपी सुनील कुमार सक्सेना ने कहा केंद्र व्यवस्थापक चाहेगा तो नकल नहीं हो सकती है। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि आप सब निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सुरक्षा देना हमारी जिम्मेदारी है। छात्राओं वाले परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में महिला पुलिस बल तैनात होगा।
इस मौके पर एसडीएम राजेश कुमार, संदीप कुमार, अमित सिंह, रामचंद्र, महेश प्रकाश, डीआसईओएस आरपी यादव, आचार्य टीईपी सेंटर जेपी त्रिवेदी सहित सभी सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक मौजूद थे।