एएसपी कार्यालय पर सिपाही ने खुद को मारी गोली
- फोटो : अमर उजाला
अपर पुलिस अधीक्षक की अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए एक सिपाही सुखवीर सिंह ने उनके कार्यालय के बाहर खुद को गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल लाया गया, वहां से आगरा रेफर कर दिया गया। एएसपी ने उसके शराब के नशे में होने की बात कही है।
सुखवीर सिंह मूलरूप से थाना मलपुरा, आगरा के गांव बमरोली अहीर का रहने वाला है और पिछले दो साल से मैनपुरी में तैनात है। बुधवार को वह विभागीय कार्य से एएसपी शिष्यपाल सिंह के पास गया था। कुछ देर बाद वह उनके कमरे से बाहर आया और सरकारी राइफल पेट से सटाकर खुद को गोली मार ली। मौके से उसकी पेटी से निकला एक कारतूस भी बरामद हुआ है। सूचना पर एसपी सुनील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सिपाही लाइन हाजिर चल रहा था और तीन दिन पहले ही वह बहाल हुआ था।
- सिपाही शराब के नशे में आया था, मेडिकल कराकर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई तो वह नाराज होकर कमरे से बाहर निकल गया। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। उसके साथ कोई अभद्रता नहीं की गई- शिष्यपाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, मैनपुरी