बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, सब स्टेशन पर डाला ताला
- फोटो : अमर उजाला
नगर में सत्ता परिवर्तन के साथ शुरू हुई बिजली कटौती बंद होने का नाम नहीं ले रही है। योगी सरकार के 18 घंटे आपूर्ति के आदेशों को विभाग के कर्मचारी पलीता लगा रहे हैं। गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने बिजलीघर का घेराव कर तालाबंदी कर दी और प्रदर्शन किया। यही नहीं गुस्साए लोगों ने जीटी रोड पर भोगांव चौराहे पर जाम लगा दिया।
बता दें कि पूर्व की सपा सरकार में जिले को वीआईपी जिले का दर्जा मिला था। जिला सहित भोगांव तहसील को भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति होती थी। सपा सरकार के जाते ही बिजली कटौती शुरू हो गई। आलम यह है कि मुख्यमंत्री के 18 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश देने के बावजूद भी नगर को बमुश्किल आठ घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को उपभोक्ताओं ने बिजली सबस्टेशन पर पहुंचकर ताला डाल दिया। इस दौरान विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
उपभोक्ताओं का कहना है कि सब स्टेशन पर तैनात अवर अभियंता व कर्मचारी जान बूझकर पूरे दिन कटौती कर रहे हैं। गुस्साए लोगों ने शाम पांच बजे भोगांव में जीटी रोड के चौराहे पर जाम लगा दिया। समाचार लिखे जाने तक बड़ी संख्या में लोग सब स्टेशन व जीटी रोड चौराहे पर जाम लगाए हुए थे। वहीं नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की आपूर्ति ठप पड़ी हुई थी।
इस मौके पर निखिल मिश्रा, सचिन गुप्ता, दिव्यांश मिश्रा, रैलिक वर्मा, मोहित यादव, सुरेंद्र सिंह, प्रशांत दीक्षित, पारुल दुबे, अभय चौहान, राजेंद्र सोनी, आमोद शर्मा, दिलीप गुप्ता, बाबा यादव आदि मौजूद थे।