मैनपुरी के बेवर में कुंभ मेला प्रयागराज के लिए बेवर डिपो की सभी बसों की मांग की गई है। कुल 46 बसों में एक दर्जन बसें रवाना भी हो चुकी हैं। बसों में जाने वाले कर्मचारियों को तैयार रहने का आदेश जारी किया गया है। सभी बसों के कुंभ मेला क्षेत्र में जाने से अन्य मार्गों पर जाने वाली सवारियों की किल्लत बढ़ने वाली है।
विज्ञापन
कस्बे के रोडवेज डिपो में तैनात स्टेशन प्रभारी नीलम शर्मा ने बताया। 29 जनवरी मौनी अमावस्या के पूर्व कुंभ मेला प्रयागराज में सवारियों को ले जाने के लिए सभी 46 बसों को भेजने का आदेश आ चुका है। अभी तक एक दर्जन के करीब बसों को भेजा जा चुका है।
बेवर डिपो के एआरएम सुभाष चंद्र की मेला क्षेत्र में बनाए गए अस्थाई डिपो में तैनाती कर दी गई है। बसों में जाने वाले स्टाफ को तैयार रहने का निर्देश अधिकारियों के द्वारा दिया जा चुका है। वहीं सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि प्रतिदिन दर्जनों बसें क्षेत्रीय सवारियों को दिल्ली और आगरा पहुंचाती हैं। उन सवारियों की समस्या का निराकरण कैसे होगा। उनके सामने समस्या खड़ी हो सकती है।