ईशन नदी की सफाई का कार्य रविवार को पुन: शुरू हो गया। इस बार एसडीएम द्वारा गठित टीम ने पैमाइश के बाद मशीन से सिल्ट निकालना शुरू किया।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को आश्रम रोड के पास नदी की सिल्ट सफाई का कार्य चल रहा था। तभी ग्रामीणों ने एक स्कूल संचालक के दबाव में आकर नदी की धारा मोड़ने का आरोप सिल्ट निकाल रहे कर्मचारियों पर लगाया और काम रुकवा दिया। साथ ही अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जानकारी मिलते ही आनन-फानन में सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहां पर लोगों ने नदी की धारा मोड़ने का आरोप लगाया। इस पर अधिकारियों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों की टीम गठित कर पैमाइश के बाद सिल्ट सफाई का कार्य कराने की बात कही। इसके बाद एसडीएम गजेंद्र सिंह ने एक टीम गठित की। रविवार को उक्त टीम की पैमाइश के बाद ईशन नदी की सिल्ट सफाई का कार्य शुरू हो गया। इस संबंध में एसडीएम गजेंद्र सिंह का कहना है कि उक्त स्कूल नदी के डूब क्षेत्र में बना है। उसकी सुनवाई चल रही है। वहीं टीम की पैमाइश के बाद नदी की सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया है।