एक के बाद एक चार घराें के चटकाए ताले
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर में बुधवार रात बेखौफ चोरों ने एक के बाद एक चार मकानों के ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घरवालों को खबर तक नहीं लगी, सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस डॉग स्क्वाड के साथ पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
गांव अमरपुर निवासी राहुल के मकान में रात चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों को तोड़कर सोने चांदी के करीब चार लाख कीमत के जेवर चोरी कर लिए। 30 हजार की नकदी भी ले गए। ली। अखिलेश के मकान के ताले तोड़कर 15 हजार की नकदी और करीब दो लाख मूल्य के जेवर चोरी कर लिए।
गांव निवासी सतीश चंद्र के मकान से चोरों ने करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी किए। घर में रखी कीमती साड़ियां भी चोरी कर ले गए। बुधवार की रात चौथी वारदात गांव निवासी संतोष कुमार के घर में हुई। मकान के ऊपरी मंजिल में रखा करीब पांच हजार रुपये कीमत का इलेक्ट्रानिक का सामान चोरी कर लिया। गुरुवार सुबह सभी को चोरी की जानकारी हो सकी। मौके पर पहुंचे डॉग स्क्वाड की टीम ने क्षेत्र में सुराग की तलाश की। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।