बेवर। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में बिना पंजीकरण के संचालित की जा रहीं बिना डिग्री वाले चिकित्सकों (झोलाछाप) की दुकानों पर कार्रवाई की है। एक दुकान को सील कर तीन संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें एक सप्ताह के भीतर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरसी गुप्ता के निर्देश पर झोलाछाप के नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार सिंह ने बेवर क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम सबसे पहले जासमई स्थित संगम क्लीनिक पहुंची। यहां संचालक से पंजीकरण और डिग्री संबंधी अभिलेख मांगे गए लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद अधिकारियों ने क्लीनिक को सील कर दिया। टीम ने तिलियानी गांव में सतेंद्र को नोटिस दिया। नवीगंज में भी छापामार कार्रवाई की गई, जहां आशीष और राजेश को नोटिस जारी किए गए। इस दौरान कई झोलाछाप अपनी दुकानें बंद करके भाग गए।
नोडल अधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विभाग द्वारा झोलाछाप के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे चिकित्सा प्रतिष्ठानों पर अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी संचालकों से अपील की है कि वे कार्रवाई से बचने के लिए अपने प्रतिष्ठानों का पंजीकरण स्वास्थ्य विभाग में करा लें। बिना पंजीकरण के संचालित होने वाली सभी दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।