आश्रम रोड स्थित महाराजनगर में मुख्य सड़क की इंटर लाकिंग एक साल में ही कई जगह से टूट गई है। सड़क किनारे बनाई गईं नालियां भी ध्वस्त हो चुकी हैं। नालियों का पानी सड़क पर भरने से मोहल्ले के लोग परेशान हैं।
आश्रम रोड पर नई बस्ती के रूप में महाराजनगर बसा है। इस मोहल्ले की मुख्य सड़क पर एक साल पहले नगर पालिका ने इंटर लाकिंग कराई थी। पानी की निकासी के लिए सड़क के दोनों ओर पक्की नालियां भी बनवाई गई थीं। मानकों की अनदेखी के कारण एक साल में ही इंटर लाकिंग एक नहीं कई स्थानों पर टूट चुकी है। दोनों ओर बनी नालियां ध्वस्त हो चुकी हैं। नालियों का गंदा पानी और कीचड़ पूरे दिन सड़क पर भरा रहता है। जिससे लोगों को परेशानी होती है। कई बार नगर पालिका में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मोहल्लावासी गौरव यादव, बीनेश कुमार कश्यप, सुरेश कैप्टन, अशोक सिंह, कल्याण सिंह, ओमप्रकाश आदि ने डीएम से समस्या समाधान की मांग की है।