मैनपुरी के किशनी में थाना क्षेत्र के गांव नगला गवे में एक महिला ने गृहक्लेश के चलते फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शनिवार की सुबह जानकारी होने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव नगला गवे निवासी सोनी पाल (32) का सास से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुक्रवार की शाम को हुए झगड़ा शांत हो गया और घर के सभी लोग खाना खाकर सोने के लिए चले गए थे।
सोनी भी दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में सोने के लिए चली गई थी। गृह क्लेश से परेशान सोनी ने रात को कमरे के बाहर लगे कुंडे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शनिवार को सुबह जागने पर परिजन को जानकारी हुई तो अफरा-तफरी मच गई।
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके पक्ष के लोग भी आ गए। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।